Giridih : विधानसभा सत्र में विधायक जयराम महतो ने डुमरी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज मामले को लेकर आवाज उठाई। उन्होंने सरकार से इस हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। घटना शनिवार सुबह की है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश महतो की बेरहमी से हत्या का मामला है। उनका शव खांखी जंगल से बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल बन गया।
हत्या की भयावह स्थिति
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने राकेश महतो के साथ पहले बुरी तरह मारपीट की और बाद में उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पेड़ के पत्तों के ढेर में रखकर जलाने का प्रयास किया। जंगल में अधजला शव मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार को दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और गहन जांच के निर्देश दिए। डुमरी एसडीपीओ और निमियाघाट पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राकेश महतो का राजनीतिक सफर
राकेश महतो क्षेत्र के एक लोकप्रिय नेता थे। वह वर्ष 2016 में जिला परिषद के अध्यक्ष चुने गए थे और वर्तमान में झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े हुए थे। उनके निधन से स्थानीय राजनीति और जनता में गहरा शोक है।
इलाके में तनाव का माहौल
हत्या के बाद डुमरी और आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया है। पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोग भी इस घटना से हक्का-बक्का हैं और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की उम्मीद कर रहे हैं।
Also Read : देश में पहली बार डिजिटल जनगणना, अप्रैल से सितंबर तक चलेगा पहला चरण


