Ranchi : हिमालय में बढ़ती ठंड और बर्फबारी का असर झारखंड के उत्तर और पश्चिमी जिलों में साफ दिखाई दे रहा है। हिमालय में बर्फ गिर रही है, लेकिन झारखंड के खूंटी और गुमला जैसे जिलों में लोग कड़ाके की ठंड से परेशान हैं। पिछले साल दिसंबर में जहां तापमान 6 से 7 डिग्री तक जाता था, वहीं इस बार नवंबर में ही इतना कम तापमान दर्ज किया जा रहा है। रांची मौसम विभाग ने ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है।
आज 7 जिलों में येलो अलर्ट
झारखंड के जिन जिलों में आज यानी मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है, वे हैं— गढ़वा, पलामू, गुमला, लातेहार, खूंटी, लोहरदगा और सिमडेगा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री तक रहने की संभावना है। गुमला में इस सीजन का सबसे कम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया है। शाम होते ही लोग घरों में दुबक रहे हैं, सड़कों पर सन्नाटा रहता है और मोहल्लों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
मुख्य शहरों का तापमान और AQI
झारखंड के प्रमुख शहरों में भी ठंड का असर साफ दिख रहा है। रांची का तापमान 26 डिग्री अधिकतम और 12 डिग्री न्यूनतम रिकॉर्ड किया गया, जबकि इसका AQI 181 रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री दर्ज हुआ तथा AQI 191 पाया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। धनबाद में 29 डिग्री अधिकतम और 13 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, यहां AQI 178 रहा। वहीं बोकारो में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहा, जबकि AQI 155 दर्ज किया गया, जो वायु गुणवत्ता में सुधार की जरूरत को दर्शाता है।

रांची में 11 निशुल्क आश्रय घर खुले
कड़ाके की ठंड को देखते हुए रांची नगर निगम ने 11 फ्री आश्रय घर लोगों के लिए खोल दिए हैं। यहां पर बेड, मच्छरदानी और पुरुष-महिला के लिए अलग व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर लोग अपने नजदीकी आश्रय घर में जाकर ठंड से बचाव कर सकते हैं।
Also Read : JPSC के बाहर CDPO प्रत्याशियों का विरोध प्रदर्शन, रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग

