Deoghar : झारखंड के देवघर जिले में मंदिर जीर्णोद्धार को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी बीच गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लालगढ़ मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदुस्तान में मंदिर नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा, यह सवाल आज पूरे समाज के सामने है।
देवघर जिले के लालगढ़ मोहल्ले में मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर बुधवार रात दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था। विवाद बढ़ने पर झड़प की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को हिरासत में लिया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस मामले को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस, जेएमएम और राजद पर निशाना साधते हुए कहा था कि झारखंड में हिंदू अपनी ही जमीन पर मंदिर नहीं बना पा रहे हैं।
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लालगढ़ में मंदिर निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने लिखा कि 31 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजे, माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी तिथि के अवसर पर वे स्वयं लालगढ़ पहुंचकर रुके हुए मंदिर निर्माण कार्य को शुरू करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर भव्य, सुंदर और मधुपुर का सबसे ऊंचा मंदिर होगा। उन्होंने आगे लिखा, “अनुसूचित जाति की अपनी जमीन पर अगर हिंदुस्तान में मंदिर नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा।” साथ ही उन्होंने समर्थकों से तैयार रहने की अपील भी की।
31 जनवरी 2026 सुबह 8 बजे माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी तिथि मैं खुद लालगढ में आकर मंदिर के रुके हुए कार्य को शुरू करूँगा ।मंदिर भव्य,सुंदर तथा मधुपुर का सबसे ऊँचा बनेगा ।अनुसूचित जाति के अपने ज़मीन पर यदि हिन्दुस्तान में मंदिर नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा ।हो जाओ तैयार हम हैं…
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) January 18, 2026
एक अन्य पोस्ट में भाजपा सांसद ने कथित रूप से घायल लोगों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा— “मंदिर वहीं बनाएंगे”। पोस्ट में यह भी कहा गया कि मंदिर विवाद के दौरान कुछ हिंदू नागरिकों पर हमला हुआ है। उन्होंने हिंसा की निंदा करते हुए घायलों को न्याय, निष्पक्ष जांच और क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। फिलहाल जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।
Also Read : लापता कैरव गांधी के परिजनों से मिले सुदेश महतो, बोले- झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त


