Saraikela : सरायकेला जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के हारूडीह में हुए कुख्यात विजय तिर्की हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह एफआईआर मृतक की पत्नी शिवानी तिर्की के बयान के आधार पर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय विजय तिर्की हारूडीह इलाके में मौजूद था, तभी घात लगाए अपराधियों ने उस पर फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मुकेश लुनायत स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने जिन सात आरोपियों को नामजद किया है, उनमें राजू चौड़ा उर्फ राजू अंसारी, मोनू, लंगड़ा अफसर, लंगड़ा आजाद, कलीम, तारीख और डाबर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी पुराने अपराधी हैं। चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
गौरतलब है कि बुधवार शाम हारूडीह साप्ताहिक हाट बाजार में सरेआम हुई इस हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Also Read : ताला काटकर राशन दुकान में सेंधमारी, नकद व सामान ले उड़े चोर


