Palamu : झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज नगर पंचायत में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रखंड सभागार में जिला प्रशासन की ओर से यह कार्यक्रम हुआ, जहां नवनिर्वाचित अध्यक्ष और 16 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह से भरा रहा।
उपायुक्त ने दिलाई अध्यक्ष को शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत पलामू उपायुक्त सामीरा एस ने की। उन्होंने नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी 16 वार्ड पार्षदों ने भी क्रमवार शपथ ली।
शीला चौधरी ने संभाली कमान
शपथ लेने के बाद अध्यक्ष शीला चौधरी ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने नगर के विकास, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।
16 वार्ड पार्षदों ने ली शपथ
इस समारोह में वार्ड 1 से आस्मिन परवीन, वार्ड 2 से वृजनंदन साव, वार्ड 3 से अमरजीत कुमार, वार्ड 4 से पिंकी कुमारी, वार्ड 5 से पुष्पा देवी, वार्ड 6 से कृष्ण कुमार, वार्ड 7 से सुशील कुमार रवि, वार्ड 8 से स्वेता देवी, वार्ड 9 से पवन कुमार, वार्ड 10 से अवधेश कुमार मेहता, वार्ड 11 से रामजी पासवान, वार्ड 12 से सूरज देवी, वार्ड 13 से हसीना खातून, वार्ड 14 से रिंकू देवी, वार्ड 15 से त्रिपुरारी राम और वार्ड 16 से अनुराधा कुमारी ने शपथ ग्रहण किया। सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
उपाध्यक्ष चुनाव में सुशील कुमार रवि की जीत
शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव भी कराया गया। मतदान प्रक्रिया के बाद हुई गिनती में वार्ड 7 के पार्षद सुशील कुमार रवि को 10 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी वृजनंदन साव को 6 वोट मिले। इस तरह सुशील कुमार रवि ने 4 वोटों से जीत दर्ज की।
जीत के बाद शपथ ग्रहण
निर्वाची पदाधिकारी विजय केरकेट्टा ने सुशील कुमार रवि को विजयी प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद अध्यक्ष शीला चौधरी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एलआरडीसी विजय केरकेट्टा, अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
Also Read : पाकुड़ में त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, संवेदनशील जगहों पर कड़ी निगरानी के निर्देश


