Ranchi : झारखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप में लौट आया है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में मूसलधार बारिश दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। धनबाद के पुटकी क्षेत्र में 140 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसके कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है।
तापमान में उतार-चढ़ाव, उमस बनी समस्या
राजधानी रांची, खूंटी और चाईबासा में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिली। वहीं पलामू, गोड्डा, गढ़वा और बोकारो में पारा 35 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे उमस और बेचैनी बनी रही।
इन 6 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने देवघर, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह और दुमका जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। सुबह से ही बादलों की गड़गड़ाहट और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।
रांची समेत अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना
रांची, रामगढ़, पाकुड़, साहिबगंज, लोहरदगा और पूर्वी सिंहभूम में भी हल्की बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। गुरुवार को रांची मौसम केंद्र ने दिनभर में कई बार अलर्ट जारी किए।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है :
- निचले इलाकों में सतर्क रहें
- आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों या खुले स्थानों से दूर रहें
- तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें
Also Read : सीएसपी लूट में शामिल दो अपराधी गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद