Ranchi : झारखंड में 24 अगस्त तक कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि, तीन दिनों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 22 अगस्त तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 20 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी जिलों में, जबकि 21 और 22 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और वज्रपात की भी आशंका बनी रही। गढ़वा में सबसे अधिक 25 मिमी बारिश हुई और तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री रहा।
बारिश से जहां किसानों को सिंचाई में फायदा होगा, वहीं तेज हवाएं और वज्रपात से नुकसान की आशंका भी है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने और खराब मौसम में खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
इस मानसून में झारखंड में अब तक सामान्य से 28% अधिक बारिश हुई है। 1 जून से 18 अगस्त तक औसतन 883.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 689.8 मिमी होती है। पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 1323.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 79% अधिक है।
खूंटी, गुमला, देवघर, चतरा और रामगढ़ में भी सामान्य से 30-40% अधिक बारिश हुई है। हालांकि पाकुड़, लोहरदगा और गढ़वा में थोड़ी कम बारिश दर्ज की गई है।
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 19 August 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल