Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम और डोडा की खरीद–बिक्री में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोर्रा थाना क्षेत्र के कनहरी पहाड़ के पास की गई। SP को मिली गुप्त सूचना के आधार पर SDPO (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद कनहरी पहाड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान घरही की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से करीब 1.98 किलो अफीम और 20 किलो डोडा बरामद किया गया। साथ ही मौके से 5,500 रुपये नकद, एक स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईशु कुमार सिंह उर्फ नन्हे और विजय कुमार गुप्ता उर्फ बिक्कु के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ खूंटी जिले के तमाड़–रायडीह क्षेत्र से लाकर बरही की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Also Read : शराब घोटाला: मार्शन इनोवेटिव के निदेशक जगन भाई तुकाराम गिरफ्तार, एसीबी रांची लाई


