Bokaro : बोकारो में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसा उकरीद मोड़ लकड़ी गोला के पास तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार 30 साल की पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
तिलक समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, पुष्पा देवी अपने पति और दो छोटे बच्चों के साथ मायके से भाई के तिलक समारोह में शामिल होकर सेक्टर-3 स्थित अपने घर लौट रही थीं। परिवार खुशियों के माहौल से वापस आ रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि किराना सामान से लदी एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
पति अस्पताल में भर्ती, बच्चे सुरक्षित
हादसे में उनके पति को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि बाइक पर सवार उनके दोनों बच्चे — एक बेटा और एक बेटी — इस हादसे में सुरक्षित बच गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
हादसे के बाद मृतका के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम की वजह से इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया गया।
Also Read : क्रिकेटर राहुल चाहर पत्नी से हुए अलग, भावनात्मक पोस्ट के जरिए किया खुलासा


