Bokaro : बोकारो जिले के सदर अस्पताल में जल्द ही 14 बेड का आयुष्मान वार्ड शुरू किया जाएगा। इस वार्ड में मरीजों को निजी नर्सिंग होम जैसी बेहतर इलाज सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को इलाज, दवाइयों और सभी जरूरी जांच की सुविधा एक ही जगह पर मिलेगी।
अब तक आयुष्मान योजना के तहत अलग-अलग बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था। इससे उन्हें आर्थिक बोझ के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती थी। सदर अस्पताल में आयुष्मान वार्ड नहीं होने के कारण मरीजों को इलाज और जांच के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था, लेकिन वार्ड के शुरू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
नए आयुष्मान वार्ड में फिलहाल आंख, हाइड्रोसील, सिजेरियन, एपेंडिक्स और हर्निया जैसी सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। आने वाले समय में गंभीर बीमारियों के मरीजों की सर्जरी भी यहां शुरू करने की योजना है। अस्पताल प्रशासन ने इस वार्ड के लिए डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति और प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मरीजों के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों को तैनात किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस महीने के भीतर आयुष्मान वार्ड को चालू कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने से सदर अस्पताल में इलाज की सुविधाएं बेहतर होंगी और मरीजों का भरोसा भी बढ़ेगा। खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सदर अस्पताल में ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


