Giridih : गिरिडीह नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में मेयर पद के उम्मीदवार बनारसी लाल दास ने मंगलवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। बनारसी लाल दास अपने पैतृक आवास धारियाडीह (नगर थाना के पीछे) से समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में निकले। जुलूस पपरवाटांड स्थित समाहरणालय पहुंचा, जहां उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुआ के समक्ष अपना नामांकन पत्र जमा किया।
नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभी ने नारेबाजी कर उम्मीदवार का उत्साह बढ़ाया। पूरे रास्ते माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में बनारसी लाल दास ने कहा कि अगर उन्हें जनता का समर्थन मिला तो वे शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। उन्होंने बताया कि गिरिडीह शहर में सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है, जिस पर सबसे पहले काम किया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना भी उनकी प्राथमिकता होगी। शहर के हर वार्ड में विकास कार्य कराना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।
बनारसी लाल दास ने जनता से अपील की कि वे उन्हें सेवा का अवसर दें, ताकि गिरिडीह को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाया जा सके।
नगर निकाय चुनाव को लेकर अब शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में अन्य प्रत्याशियों के भी नामांकन की संभावना है।
Also Read : तीन साल बाद JSSC उत्पाद सिपाही परीक्षा की तारीख तय, 22 मार्च को होगा एग्जाम


