Dhanbad : धनबाद के वासेपुर इलाके में मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के आवास पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। यह कदम कोर्ट के आदेश पर उठाया गया, जिसमें पहले अधूरी रह गई प्रक्रियाओं को पूरा किया गया।
टीम ने पहुंचकर घर का शेड जब्त किया
वासेपुर स्थित कमर मखदूमी रोड पर कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था प्रभारी नौशाद आलम, बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घर की छत पर लगे शेड को उखाड़कर जब्त कर लिया। इसके साथ ही अन्य अधूरी रह गई प्रक्रियाओं को भी पूरा किया गया।
कोर्ट के निर्देश के तहत की गई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, यह कुर्की-जब्ती की कार्रवाई अदालत के आदेश का पालन करते हुए की गई। बताया गया है कि पहले की गई कुछ जब्ती अधूरी रह गई थी, जिसे आज पूरा किया गया।
इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल, क्षेत्र की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप की गई है।
Also Read : जमशेदपुर में एनकोर्ड की बड़ी बैठक, नशा रोकने के लिए उठाए कई कदम

