Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में टाटानगर रेलवे स्टेशन और आदित्यपुर स्टेशन के लिए पांच फरवरी का दिन काफी महत्वपूर्ण होने जा रहा है। वर्षों से टाटानगर रेलवे स्टेशन से चलने वाली चार जोड़ी यानी आठ एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अब आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने यह बड़ा फैसला लिया है, जिससे टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम किया जा सके।
टर्मिनल में बदलाव से यात्रियों को राहत
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेलमंडल के अंतर्गत आने वाली चार जोड़ी ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव किया गया है। अब ये ट्रेनें टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से चलेंगी और वहीं समाप्त होंगी। गुरुवार से धनबाद-टाटानगर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस और हटिया-टाटानगर पैसेंजर का अंतिम पड़ाव आदित्यपुर स्टेशन कर दिया गया है। इसी तरह टाटानगर-धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस और टाटानगर-हटिया पैसेंजर भी अब आदित्यपुर से संचालित होंगी।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टाटानगर और आदित्यपुर स्टेशन के बीच दूरी कम होने के कारण यात्रियों को किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके उलट, भीड़ और प्लेटफार्म पर दबाव में कमी आएगी।
टाटानगर स्टेशन पर दबाव में कमी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार टाटानगर स्टेशन पर लगातार बढ़ रही ट्रेनों और यात्रियों की संख्या परिचालन व्यवस्था पर असर डाल रही थी। आदित्यपुर स्टेशन को टर्मिनल बनाकर ट्रेनों के संचालन से प्लेटफार्म, सिग्नल और ट्रैक से जुड़ी समस्याओं में सुधार होगा और ट्रेनों के समय पर संचालन में मदद मिलेगी।
डीआरएम के मार्गदर्शन में तैयार हुए विकास कार्य
डीआरएम तरुण हुरिया के मार्गदर्शन में आदित्यपुर स्टेशन पर आवश्यक सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं। प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य सुविधाओं को अंतिम रूप दिया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आदित्यपुर से संचालित होने वाली ट्रेनें और समय
धनबाद-टाटानगर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस (13301) – 5 फरवरी से दोपहर 12.05 बजे
टाटानगर-धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस (13302) – 5 फरवरी से शाम 3.35 बजे
हटिया-टाटानगर पैसेंजर (68036) – 5 फरवरी से रात 11.35 बजे
टाटानगर-हटिया पैसेंजर (68035) – 5 फरवरी से सुबह 6.35 बजे
आसनसोल-टाटानगर एक्सप्रेस (13512) – 6 फरवरी से दोपहर 12.50 बजे
टाटानगर-आसनसोल एक्सप्रेस (13511) – 6 फरवरी से दोपहर 1.25 बजे
विशाखापत्तनम-टाटानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस (20816) – 29 मार्च से सुबह 6.35 बजे
टाटानगर-विशाखापत्तनम साप्ताहिक एक्सप्रेस (20815) – 30 मार्च से सुबह 7.30 बजे
परिचालन सुधार की दिशा में बड़ा कदम
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आदित्यपुर स्टेशन को टर्मिनल बनाने का फैसला यात्री सुविधा और परिचालन सुधार की दिशा में बड़ा कदम है। इससे टाटानगर स्टेशन पर दबाव कम होगा और पूरे चक्रधरपुर रेलमंडल की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुचारू होगी।
Also Read : चाईबासा के हवलदार की पूर्णिया में खून से लथपथ मिली लाश, पुलिस जुटी जांच में

