Ranchi : रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक शराब दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने दुकान पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं। घटना के समय वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
बताया जा रहा है कि फायरिंग की इस घटना को देव सिंह मुंडा और उसके दो साथियों ने अंजाम दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने मीडिया को बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान देव सिंह मुंडा के रूप में हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना को दें।
Also Read : जामताड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी : ह’त्या, डकैती और लूट में शामिल सात अपराधियों को दबोचा


