Garhwa : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने ट्रेजरी घोटाले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि साल 2000 से 2026 तक हुए सभी ट्रेजरी घोटालों की जांच कराई जाएगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का एक-एक रुपया वापस लिया जाएगा, चाहे उसके लिए दोषियों की चल-अचल संपत्ति ही क्यों न जब्त करनी पड़े।
30-40 करोड़ तक पहुंचा घोटाले का आंकड़ा
वित्त मंत्री ने बताया कि झारखंड में अब तक 30 से 40 करोड़ रुपये के ट्रेजरी घोटाले सामने आ चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले बोकारो और हजारीबाग से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हुई है और सरकार इसे लेकर पूरी तरह गंभीर है।
33 ट्रेजरी की होगी जांच
मंत्री ने साफ किया कि राज्य के सभी 24 जिलों के 33 ट्रेजरी की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों से पूरी राशि वसूली जाएगी।
संपत्ति जब्त कर होगी रिकवरी
वित्त मंत्री ने दो टूक कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो दोषियों की जमीन, मकान और अन्य संपत्ति जब्त कर सरकार का पैसा वापस लिया जाएगा। उनका कहना था कि इस मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
JSSC पेपर लीक पर क्या बोले मंत्री
जेएसएससी उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले पर मंत्री ने कहा कि यह उनके विभाग से जुड़ा मामला नहीं है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो सरकार को इसमें सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
Also Read : ओडिशा से लाकर जमशेदपुर में खपाते थे गांजा, 50 किलो माल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

