Vaishali : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मथुरा गांव के रहने वाले एक किसान अशोक सिंह को घर से अगवा कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, अशोक सिंह अपने घर में सो रहे थे। तभी गांव के ही कुछ लोग उन्हें जबरन उठाकर ले गए। आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनका गला दबाकर जान ली और फिर उनके सिर पर कई बार चाकू से वार किया। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
पुराने विवाद में रंजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसान की हत्या की वजह डेढ़ साल पहले केला काटने को लेकर हुआ विवाद है। मृतक के भतीजे करण कुमार ने बताया कि उस समय आरोपियों ने अशोक सिंह को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी थी और इसकी शिकायत बिदुपुर थाने में भी दर्ज कराई गई थी।
चार बेटे और मां हिरासत में
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप महतो के चार पुत्रों – गुड्डू, अभिषेक, देवा और सन्नी की मां को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
परिवार में मातम
अशोक सिंह अपने परिवार का भरण-पोषण पिकअप वैन चलाकर करते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है। पिता की हत्या की खबर मिलते ही पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : चाईबासा में डोडा तस्करी पर शिकंजा, दो तस्कर डेढ़ लाख कैश के साथ गिरफ्तार