Ranchi : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने शहरी मलिन बस्तियों (स्लम एरिया) में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक’ के संचालन और प्रबंधन हेतु 18 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह योजना पिछले पांच वर्षों से राज्य में सक्रिय है और अब इसका विस्तार किया जा रहा है।
गरीबों तक पहुंचेगी मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को उनके घर के नजदीक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना है। राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 140 क्लीनिक संचालित किए जाएंगे। क्लीनिकों के वितरण में रांची में 18, पूर्वी सिंहभूम में 17 और धनबाद में 16 क्लीनिक खोले जाएंगे, जो सबसे अधिक प्रभावित और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को कवर करेंगे।
क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
इन क्लीनिकों में स्वास्थ्य जांच का दायरा काफी व्यापक रखा गया है। यहां टीकाकरण, गर्भावस्था से पहले और बाद की जांच (एएनसी/पीएनसी), उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मुंह, स्तन व गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा, हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर, मलेरिया, एचआईवी और गर्भावस्था जांच जैसी लैब सुविधाएं भी मरीजों को मिलेंगी। साथ ही, आयरन, कैल्शियम और पैरासिटामोल जैसी जरूरी दवाएं मरीजों को मुफ्त दी जाएंगी।
दो पालियों में होगा संचालन
मरीजों की सुविधा के लिए क्लीनिक दो समय पर खुलेंगे। पहली पाली सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक कार्य करेगी। प्रत्येक क्लीनिक में एमबीबीएस डॉक्टर, आयुष डॉक्टर, एएनएम और सहायक स्टाफ की तैनाती रहेगी।
पारदर्शिता के लिए निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी क्लीनिकों के बाहर डॉक्टरों की उपलब्धता और वहां दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी बोर्ड पर लगाना अनिवार्य होगा। इससे आम जनता को यह पता रहेगा कि वे किस समय और किन सुविधाओं के लिए क्लीनिक आ सकते हैं।
Also Read : एनटीए एनसीईटी 2026: प्रोविजनल आंसर-की जारी, 30 अप्रैल तक दर्ज करें अपनी आपत्तियां


