Ranchi: झारखंड के तमाड़ प्रखंड अंतर्गत जानुमपीढ़ी पंचायत की मुखिया रीना देवी के पुत्र नवनीत सिंह मुंडा की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। यह दुखद घटना राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-33 पर हुई है। इस हृदयविदारक हादसे की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
खड़ी पिकअप वैन से बाइक की टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनीत सिंह मुंडा अपने साथी आरव सिंह मुंडा के साथ बुंडू से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सलगाडीह के समीप सड़क के बीचों-बीच टमाटर लदी एक पिकअप वैन खड़ी थी। तभी अचानक बाइक ने वैन के जोरदार ट्रक्कर मार दी । टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर तमाड़ पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तमाड़ ले गई। डॉक्टरों ने नवनीत को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके साथी आरव सिंह मुंडा की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पहले ट्रॉमा सेंटर, बुंडू और फिर बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर कर दिया गया है।
प्रशासन और स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है। स्थानीय मानकी उमाकांत सिंह ने इस हादसे के लिए सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वाले को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Also Read : नवजात बिक्री मामले पर NHRC सख्त, पलामू DC से सबूतों के साथ जवाब तलब


