Ranchi : राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित बिजली सब स्टेशन में गुरुवार सुबह एक संदिग्ध लिफाफा मिलने से हड़कंप मच गया। लिफाफे के साथ 315 बोर की गोली धागे से बंधी हुई थी। ड्यूटी पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने जैसे ही इसे देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची धुर्वा थाना पुलिस ने लिफाफा और कारतूस को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी है।
लिफाफे पर PLFI का नाम
पुलिस जांच में सामने आया कि लिफाफे के ऊपर काले अक्षरों में उग्रवादी संगठन पीएलएफआई लिखा हुआ था। इसके साथ ही लाल रंग से “लाल सलाम” और “जरूरी सूचना” भी लिखा गया था। इस वजह से मामला संवेदनशील माना जा रहा है और इलाके में चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार लिफाफा बारिश के कारण भींग गया था, जिससे उसे तुरंत खोलना संभव नहीं हुआ। बाद में सूखने के बाद जब पुलिस ने लिफाफा खोला तो अंदर कोई धमकी भरा पत्र नहीं मिला, बल्कि सिर्फ एक व्यक्ति का नाम लिखा हुआ था।
जिस नाम का जिक्र, वही व्यक्ति पुलिस के रडार पर
लिफाफे में लिखे नाम के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया। वह पास के इलाके का रहने वाला है। हालांकि उसने इस पूरे मामले से खुद को अलग बताया है। पुलिस उसके बयान की जांच कर रही है। हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में मामला किसी को फंसाने की कोशिश जैसा लग रहा है। लिफाफे में कोई सीधी धमकी नहीं लिखी गई है। पुलिस यह भी देख रही है कि कहीं यह बिजली बिल या किसी अन्य निजी विवाद से जुड़ा मामला तो नहीं है।
आसपास के लोगों से पूछताछ, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और सब स्टेशन परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि आखिर यह लिफाफा वहां किसने और क्यों रखा।
Also Read : हटिया स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 16.9 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

