Bokaro : बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में बीती देर रात हाथी के हमले से एक सब्जी विक्रेता की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त चंद्र दांगी के तौर पर की गई है। वह सिमराबेड़ा गांव के निवासी थे। मिली जानकारी के अनुसार चंद्र दांगी अपनी रोज की तरह सब्जी बेचकर बीती रात अपनी कार से केंडर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद हाथियों के झुंड ने अचानक कार पर हमला कर दिया। पहले हाथियों ने कार को क्षतिग्रस्त किया, फिर चंद्र दांगी को बाहर खींचकर बेरहमी से कुचल दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथी सड़क पर पहले से ही घूम रहे थे। जैसे ही चंद्र दांगी की कार वहां पहुंची, हाथियों ने उसे घेर लिया। हाथियों ने सूंड से कार को पलटने की कोशिश की और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने चंद्र दांगी को कार से बाहर खींचकर मार डाला। हमले में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और किसी की भी पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। हाथी काफी देर तक सड़क पर मंडराते रहे, जिससे यातायात भी बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
चंद्र दांगी की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में हाथियों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है और कई बार इसकी शिकायत वन विभाग से की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की नियमित निगरानी की जाए और रिहायशी इलाकों में उनकी आवाजाही रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read : ओरमांझी से लापता कन्हैया मिला, कोडरमा से पुलिस ने किया बरामद

