Pakur : नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत गुरुवार को नगर परिषद सभागार में शपथ ग्रहण और उपाध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल और 21 वार्ड पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ लेने के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास और जनहित से जुड़े कामों को प्राथमिकता देने की बात कही।
शपथ ग्रहण के बाद हुआ उपाध्यक्ष पद का चुनाव
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव कराया गया। इस पद के लिए दो उम्मीदवारों- राणा ओझा और रुपाली सरकार-ने नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद तय प्रक्रिया के अनुसार मतदान कराया गया।
बराबरी पर अटका मुकाबला
मतदान के बाद जब मतों की गिनती हुई तो दोनों उम्मीदवारों को 10-10 वोट मिले, जबकि एक वोट अमान्य घोषित कर दिया गया। वोट बराबर होने के कारण चुनाव का फैसला लॉटरी से किया गया। लॉटरी प्रक्रिया में राणा ओझा का नाम निकलने के बाद उन्हें नगर परिषद, पाकुड़ का उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया। इसके बाद उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
उपायुक्त की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया
पूरी चुनाव प्रक्रिया मनीष कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। मतदान में नगर परिषद के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षद मौजूद रहे और प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई। परिणाम घोषित होने के बाद उपायुक्त ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मिलजुलकर काम करने और पाकुड़ को स्वच्छ व व्यवस्थित शहर बनाने में योगदान देने की अपील की।
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) प्रीतिलता मुर्मू, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, कार्यपालक दंडाधिकारी गोपाल कृष्ण कुंवर सहित नगर परिषद के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षद और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : पलामू में शादी का भोज पड़ा भारी, फूड प्वाइजनिंग से 100 से ज्यादा ग्रामीण बीमार


