Hazaribagh : जिले के बरही थाना क्षेत्र में कल देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जवाहर घाटी पुल पर मछली से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे डैम में जा गिरा। ट्रक के साथ चालक भी पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
डैम में समाया ट्रक, निकालने में हो रही परेशानी
गुरुवार सुबह से ट्रक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए दो क्रेन की मदद ली गई है और स्थानीय तैराकों को भी बुलाया गया है। हालांकि डैम में पानी काफी गहरा होने के कारण अब तक ट्रक को बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया है। पानी के भीतर ट्रक पूरी तरह डूबा हुआ है, जिससे उसकी स्थिति का सही अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है।
आंध्रप्रदेश से बिहार जा रहा था ट्रक
पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुआ ट्रक (संख्या AP 35 X 8299) आंध्रप्रदेश के विजयनगरम से मछली लोड कर बिहार के मुजफ्फरपुर जा रहा था। रास्ते में जवाहर घाटी पुल पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए डैम में गिर गया। बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि ट्रक के अंदर चालक फंसा हुआ है और उसे निकालने की कोशिश लगातार जारी है।
पाइप के सहारे लटका मिला खलासी
इस हादसे में ट्रक का खलासी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वह पुल की रेलिंग में लगे एक पाइप के सहारे लटका हुआ मिला। राहगीरों की नजर जब उस पर पड़ी तो लोगों ने तुरंत उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चालक की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से चालक की तलाश जारी है। गहरे पानी और ट्रक के पूरी तरह डूब जाने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कत आ रही है।
Also Read : पाकुड़ नगर परिषद में उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न, लॉटरी से राणा ओझा बने डिप्टी चेयरमैन


