एमजीएम समेत कई कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटें 100 से बढ़ाकर 150 करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसी तरह दुमका, हजारीबाग और धनबाद के मेडिकल कॉलेजों में भी 100-100 सीटों को बढ़ाकर 150 करने की योजना है।
रिम्स में बड़ा विस्तार प्लान
राजधानी रांची स्थित रिम्स में भी सीटें बढ़ाने की तैयारी है। यहां एमबीबीएस सीटों को 180 से बढ़ाकर 250 करने का प्रस्ताव भेजा गया है। अगर यह मंजूर हो जाता है, तो राज्य में मेडिकल पढ़ाई के मौके काफी बढ़ जाएंगे।
पीजी सीटों में भी बढ़ोतरी
सिर्फ यूजी ही नहीं, पीजी सीटों को भी बढ़ाया जा रहा है। जमशेदपुर में पीजी सीटें 45 से बढ़ाकर 51 कर दी गई हैं। धनबाद में पहले 9 सीटें थीं, जिन्हें बढ़ाकर 19 किया गया है। साथ ही यहां 25 सीटों के लिए और प्रस्ताव भेजा गया है।
नए मेडिकल कॉलेजों में शुरू होगी पीजी पढ़ाई
राज्य के तीन नए मेडिकल कॉलेजों में भी पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी है। दुमका में 21, हजारीबाग में 30 और पलामू में 21 सीटों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद इन कॉलेजों में भी पीजी की पढ़ाई शुरू हो सकेगी।
डॉक्टरों की कमी होगी दूर
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि सीटें बढ़ने से मेडिकल शिक्षा और बेहतर होगी। इससे राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी कम होगी और लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से बीमारी का समय पर इलाज भी संभव हो पाएगा।
छात्रों और मरीजों दोनों को फायदा
इस पहल से एक तरफ जहां छात्रों को मेडिकल पढ़ाई के ज्यादा मौके मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। अगर NMC से मंजूरी मिल जाती है, तो आने वाले समय में झारखंड का हेल्थ सेक्टर और मजबूत नजर आएगा।
Also Read : झारखंड में बिगड़े मौसम ने ली 6 जा’न, आज भी आंधी-तूफान का अलर्ट जारी