Sitamarhi : बिहार के सीतामढ़ी जिले में प्रशासन ने राजस्व विभाग में लापरवाही और अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। DM रिची पांडे ने कार्य के प्रति असंवेदनशीलता, लगातार गैरहाजिरी और सामूहिक हड़ताल में शामिल होने के आरोप में जिले के 23 राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
हड़ताल के बावजूद ड्यूटी पर नहीं लौटे कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, 7 मई 2025 से जिले के विभिन्न अंचलों के राजस्व कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर चले गए थे। प्रशासन द्वारा उन्हें हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौटने का निर्देश दिया गया था, लेकिन आदेश की अनदेखी करते हुए कर्मचारी कार्य पर नहीं लौटे। इसके चलते जिलाधिकारी ने सख्त कदम उठाते हुए अनुशासनिक कार्रवाई की सिफारिश की और सभी दोषी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
DPRO ने दी जानकारी
DPRO कमल सिंह ने मीडिया को बताया कि, “देश की वर्तमान परिस्थितियों में सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के संचालन में बाधा, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और मनमानी रवैये को देखते हुए जिलाधिकारी ने यह निर्णय लिया है। निलंबन के दौरान सभी कर्मचारियों को वैकल्पिक मुख्यालयों पर योगदान देना अनिवार्य होगा।”
निलंबित कर्मचारियों की सूची और कार्यस्थल
- बाजपट्टी अंचल कार्यालय के भूषण कुमार, पंकज कुमार, अजीत कुमार पोद्दार, संतोष कुमार, महेश कुमार, दिनेश कुमार और श्रीमती रिंकी कुमारी का मुख्यालय मेजरगंज अंचल कार्यालय रहेगा।
- रीगा अंचल कार्यालय के अमरदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, श्रवण कुमार और अविनाश कुमार चोरौत अंचल कार्यालय में योगदान देंगे।
- मेजरगंज अंचल कार्यालय के शिव कुमार, विकास कुमार, रवि कुमार का स्थानांतरण बेलसंड अंचल कार्यालय में किया गया है।
- सुप्पी अंचल कार्यालय के सतीश चंद्र मानव, पवन कुमार, राजू कुमार, राहुल कुमार और रोहित पासवान को पुपरी अंचल कार्यालय में पदस्थ किया गया है।
- बथनाहा अंचल कार्यालय के सुनील कुमार का नया कार्यस्थल बोखड़ा अंचल कार्यालय होगा।
प्रशासन ने दी चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस प्रकार की अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व विभाग में कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Also Read : चमकी बुखार का बढ़ता प्रकोप, अबतक 26 बच्चे संक्रमित