उपायुक्त व एसएसपी ने संभाला मोर्चा, रैफ के अलावा अतिरिक्त बल तैनात, आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्रीनगर में चल रहा विवाद प्रशासन की सूझबूझ से माहौल सामान्य हो गया है। उपायुक्त और एसएसपी इलाके में कैम्प किए हुए है। भारी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से रैफ, जिला पुलिस के अलावा अतिरिक्त बल तैनात है। उपायुक्त और एसएसपी ने सभी से अपील की है कि किसी भी तरह के अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था कायम रखे।
इससे पूर्व रविवार की शाम फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर पथराव और फायरिंग की गई। दुकनों में आग लगा दी गई। घटना की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। धारा 144 लगा दी है। विवाद कदमा चौक में धार्मिक झंडे में मांस का टुकड़ा बांधे जाने का लेकर शुरू हुआ था।

मिली जानकारी के अनुसार झंडा लगे स्थल पर रविवार की शाम हिंदू समुदाय के लोग बैठक कर रहे थे। इस दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। इसमें कोई घायल नहीं हुआ है। हिंदू समुदाय के लोगों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव किया है। हंगामे को देखते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज की और छह उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।

हंगामा बढ़ने के बाद पांच दुकानों में आग लगा दी गई। इसके साथ ही कई बाइक और वाहनों को भी आग के हवाले किया गया। वहीं दोनों पक्षों की ओर से पथराव भी किया गया। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी के विजय शंकर समेत वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद है।

पुलिस पर लगातार हो रहा है पथराव

शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 2 स्थित मस्जिद के पीछे से पुलिस पर लगातार पथराव हो रहा है। रैप के जवानों के साथ पुलिस बल बस्ती में घुसी है। पत्थरबाजी कर रहे लोगों को धर-पकड़ किया जा रहा है।