देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री एसीबी कोर्ट में हुए हाजिर, दी गवाही

रांची। देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री शुक्रवार को रांची के एसीबी के विशेष न्यायाधीश प्रकाश झा की अदालत में हाजिर हुए। उन्होंने अदालत में खूंटी जिले के ग्रामीण विकास विभाग के टेंडर में कमीशन से जुड़े मामले में गवाही दर्ज करायी। मंजूनाथ भजंत्री ने ही यह केस खूंटी के तत्कालीन डीडीसी रहते हुए दर्ज करवाया था।

देवघर डीसी ने अपनी गवाही में अदालत को बताया कि ठेकेदारों की शिकायत के बाद उन्होंने वर्ष 2014 में कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवायी थी। ग्रामीण विकास विभाग ने एवी इंटरप्राइजेज को आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए टेंडर दिया था। भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संवेदक कंपनी ने विभाग को हैंडओवर कर दिया।

इसके बावजूद ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया। बकाया राशि के भुगतान के लिए 26 जून, 2014 को लिखित आवेदन दिया गया। इस पर कार्यपालक अभियंता ने 20 प्रतिशत रिश्वत की मांग की। इसे लेकर 20 सदस्य सवेदकों की कमेटी ने 23 सितंबर, 2014 को तत्कालीन उप विकास आयुक्त से शिकायत की थी। इसके बाद उन्होंने केस दर्ज कराया था।