New Delhi : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए बम धमाके से जुड़े मामले में दो और आतंकवादी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या 11 हो गई है।
NIA के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान जमीर अहमद अहंगर (गांदरबल, जम्मू-कश्मीर) और तुफैल अहमद भट (श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि इन दोनों ने दिल्ली बम धमाके के मुख्य आरोपी को हथियार मुहैया कराए थे।
यह भयावह धमाका 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुआ था, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस धमाके में मुख्य आरोपी उमर उन नबी की भी मौके पर ही मौत हो गई थी।
NIA ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन अंसार ग़ज़वत-उल-हिंद (AGH) के सक्रिय ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) थे। जांच में यह भी सामने आया है कि ये दोनों न सिर्फ दिल्ली बम धमाके की साजिश में शामिल थे, बल्कि अन्य आतंकी साजिशों में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वे भारतीय राज्य के खिलाफ इस्तेमाल के लिए हथियार और गोला-बारूद जुटाने का काम कर रहे थे।
NIA इस पूरे मामले की जांच RC-21/2025/NIA/DLI के तहत कर रही है। एजेंसी जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इस आतंकी साजिश की हर कड़ी को उजागर करने में जुटी हुई है।
जांच एजेंसी के अनुसार इस बम धमाके की साजिश उमर उन नबी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रची थी। इस मामले में पहले ही मुज़म्मिल गनई, शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान, आदिल अहमद राथर समेत पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्होंने मुख्य साजिशकर्ताओं को पनाह और लॉजिस्टिक मदद दी थी। ये सभी आरोपी जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के विभिन्न इलाकों से पकड़े गए थे।
NIA ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read : बिहार से AK-47 बरामदगी में NIA की बड़ी कार्रवाई, पांचवें आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

