दीपक प्रकाश ने कहा, भ्रष्टाचार और वंशवाद के खिलाफ वोट करेगी मांडर की जनता

रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि मांडर की जनता 23 जून को भ्रष्टाचार और वंशवाद के खिलाफ वोट करेगी। प्रकाश गुरुवार को मांडर के पतरातू पंचायत में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि चुनाव पांच वर्षों के अंतराल पर होते हैं। पर मांडर के जनप्रतिनिधि के कुकृत्यों के कारण यहां ढाई वर्ष में ही फिर से चुनाव हो रहा है। न्यायालय ने यहां के जनप्रतिनिधि को आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी पाया है।

सजा सुनाई, उनकी विधायकी गई एवं उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाया है। अब इन्होंने अपनी बेटी को चुनाव लड़ाया है ताकि आगे भी भ्रष्टाचार का खेल चलता रहे।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस ने यहां के जनप्रतिनिधि के दोषी पाये जाने पर उन्हीं की बेटी को उम्मीदवार बनाकर फिर से वंशवाद की अपनी परंपरा को आगे बढाने का काम किया है।

कांग्रेस के शासन के लंबे कालखंड में सिर्फ आदिवासी को वोट बैंक समझा। पर आज नरेंद्र मोदी के कैबिनेट में आठ जनजातीय समाज से मंत्री बनाये गये हैं।

केंद्र में जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनी तो उन्होंने अलग झारखंड राज्य बनाया। केंद्र में आदिवासी कल्याण के लिए अलग से जनजातीय कल्याण मंत्रालय बनाई, तो वहीं मोदी सरकार में जनजातीय समाज को बड़ी भागीदारी मिली है।