Godda : जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर स्थित सिंह विवाह भवन में एक बंद कमरे से 40 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर विवाह भवन के संचालक अजय कुमार सिंह ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे की छिटकनी तोड़कर शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान मुंगेर (बिहार) निवासी विजय कुमार सिंह (40) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय अर्जुन प्रसाद सिंह के पुत्र थे। पुलिस को कमरे से सल्फास की गोलियां और शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं।
दो साल से घर नहीं लौटे थे विजय
थाना प्रभारी ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने यह भी बताया कि विजय करीब दो साल से घर नहीं गए थे और न ही पत्नी व ससुराल पक्ष के पास जाते थे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
9 दिसंबर से विवाह भवन में ठहरे थे
मृतक के बड़े भाई संजय कुमार सिंह ने बताया कि विजय 2 दिसंबर को टाटा में एक रिश्तेदार की शादी में गए थे। 9 दिसंबर को लौटने के बाद वह मेहरमा के गोविंदपुर स्थित सिंह विवाह भवन में ठहरे हुए थे। परिजनों को 12 दिसंबर की सुबह उनकी मौत की जानकारी मिली।
रेलवे कर्मचारी थे मृतक विजय
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है। विजय कुमार सिंह रेलवे में ग्रुप डी कर्मचारी थे और वर्तमान में टाटा नगर में पदस्थापित थे। लगभग 15 साल पहले उनका विवाह भागलपुर के बहादुरपुर में हुआ था। उनकी एक 10 वर्षीय पुत्री तृष्णा कुमारी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Also Read : सोने-चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 24 कैरेट सोना 1.30 लाख के पार


