Saraikela-Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने लोगों को डर के साए में डाल दिया। रेलवे अंडरग्राउंड ब्रिज के पास संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के बाहर बाइक सवार चार अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुराने विवाद का असर?
जानकारी के अनुसार, यह मामला चार दिन पहले हरिओम नगर में हुई एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से जुड़ा हुआ है। उस समय दुकान मालिक संजय कुमार के 15 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर पिटाई हुई थी। पिटाई का आरोप वार्ड 17 से प्रत्याशी रहे अमित रंजन उर्फ शानू सिंह, उनके भाई अमन सिंह, ऋषि तिवारी और अन्य लोगों पर था। घायल किशोर का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है। संजय इलेक्ट्रॉनिक्स पर हुई फायरिंग भी इसी पुराने विवाद का नतीजा माना जा रहा है।
हड़कंप और पुलिस की जांच
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक पर सवार चार अपराधी अचानक दुकान के सामने आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी दुकानों और घरों में छिप गए। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Also Read :सुन्दरपहाड़ी में महिला दिवस पर विशेष समारोह, प्रेरणादायक महिलाओं को मिला सम्मान


