Hazaribagh : हजारीबाग की दनुआ घाटी एक बार फिर सड़क हादसे की वजह से चर्चा में है। बीती देर रात यहां बड़ा हादसा हो गया, जब एक के बाद एक कुल 6 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि घाटी में अफरा-तफरी मच गई। रात के सन्नाटे में अचानक चीख-पुकार और वाहनों के टकराने की आवाज से आसपास के लोग और राहगीर घबरा गए। मौके पर कुछ देर के लिए हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए। घायल लोग मदद के लिए आवाज लगाते रहे और हाईवे पर लंबी कतार लग गई। बताया जा रहा है कि घाटी में अचानक हुए इस हादसे में 6 वाहन आपस में टकरा गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घाटी का घुमावदार रास्ता और रात का समय हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। टक्कर इतनी तेज थी कि कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।
कई लोग घायल, मौके पर मची अफरा-तफरी
इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। टक्कर के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कुछ देर तक कोई समझ ही नहीं पाया कि आखिर हुआ क्या है। हर तरफ सिर्फ टूटे वाहन, घायल लोग और अफरा-तफरी का माहौल था।
3 घंटे तक ठप रहा हाईवे
हादसे के बाद हाईवे पर करीब 3 घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक सामान्य हो सका। रात में सफर कर रहे यात्रियों को इस वजह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Also Read : कोकर से 18 माह की अदिति पांडेय रहस्यमय ढंग से लापता, रांची पुलिस सूचना देने वाले को देगी 50 हजार का इनाम


