Palamu : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लूटपाट के दौरान एक प्रज्ञा केंद्र संचालक और उसके पति पर गोली चला दी। इस घटना में महिला के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके पति के कान को छूते हुए गोली निकल गई। दोनों को घायल हालत में बरवाडीह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बाइक सवार बदमाशों ने रोका, विरोध पर चलाई गोली
जानकारी के मुताबिक, शमा परवीन अपने पति इसराफील के साथ बाइक से हुटार जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक पर सवार अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोका और लूटपाट की कोशिश की। घायल इसराफील ने बताया कि जब उन्होंने विरोध किया, तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान 3 से 4 राउंड गोलियां चलाई गईं।
तीन लाख रुपये लेकर फरार हुए बदमाश
अपराधी पैसों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 3 लाख रुपये थे। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
जनप्रतिनिधि ने ली घायलों की खबर
घटना की जानकारी मिलने के बाद बरवाडीह की जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने इलाज में हर संभव मदद का भरोसा दिया।
इलाके में बढ़ी दहशत
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में डर का माहौल है। लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
Also Read : ‘जमीन के बदले नौकरी’ केस में लालू यादव को SC से झटका, FIR रद्द करने से इनकार


