Ranchi : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से JEE Main के दूसरे सत्र की परीक्षा 2 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, छात्रों में हलचल और तैयारी दोनों तेज हो गई है। एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें छात्र NTA की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
जानिए कब कौन सा पेपर
JEE Main के शेड्यूल के अनुसार पेपर वन (बीई-बीटेक) 2, 4, 5, 6 और 8 अप्रैल को होगा। वहीं पेपर टूए (बीआर्क), पेपर टूबी (बी प्लानिंग) और दोनों का संयुक्त पेपर 7 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
13 भाषाओं में दे सकेंगे परीक्षा
छात्रों के लिए अच्छी बात यह है कि परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी समेत कुल 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित की जा रही है। इससे अलग-अलग राज्यों के छात्रों को अपनी भाषा में परीक्षा देने में आसानी होगी।
एनसीईआरटी से करें मजबूत तैयारी
फोकस संस्थान के निदेशक अजयवीर सिंह का कहना है कि JEE Main का पूरा सिलेबस 11वीं और 12वीं की NCERT किताबों पर आधारित होता है। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे बेसिक्स मजबूत करने के लिए NCERT पर खास ध्यान दें।
बीई-बीटेक में 75 सवाल, 300 अंक का पेपर
पेपर वन (बीई-बीटेक) तीन घंटे का होगा। इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स से कुल 75 सवाल पूछे जाएंगे। हर विषय से 25-25 प्रश्न होंगे। इनमें 20 बहुविकल्पीय और 5 संख्यात्मक सवाल होंगे। पूरा पेपर 300 अंकों का होगा और हर सही जवाब पर 4 अंक मिलेंगे।
बीआर्क और बी प्लानिंग का पैटर्न
पेपर टूए (बीआर्क) में गणित, सामान्य योग्यता और ड्राइंग से कुल 77 प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं पेपर टूबी (बी प्लानिंग) में गणित, सामान्य योग्यता और प्लानिंग से 100 प्रश्न होंगे। ध्यान देने वाली बात यह है कि ड्राइंग को छोड़कर बाकी सभी पेपर कंप्यूटर आधारित होंगे।
ऑनलाइन होगी परीक्षा, समय का रखें खास ध्यान
पूरी परीक्षा ऑनलाइन मोड में ली जाएगी, इसलिए छात्रों को समय प्रबंधन और स्क्रीन पर सवाल हल करने की आदत जरूरी है।
Also Read : आनंद विहार से पुरुलिया तक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस, रांची-डालटनगंज होकर चलेगी ट्रेन, झारखंड को बड़ी राहत


