राहुल गांधी के सपनों का भारत बनाने का कांग्रेसियों ने लिया संकल्प

 

रांची: भारत जोड़ो यात्रा के एक साल पूरा होने पर झारखंड में राज्यव्यापी पदयात्रा निकाली गयी। रांची में महानगर कांग्रेस और ग्रामीण कांग्रेस की ओर से आयोजित पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह, मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक शिल्पी नेहा तिर्की के साथ साथ कई बोर्ड निगम के अध्यक्ष और सदस्यों ने शिरकत की। पदयात्रा के जरिये कांग्रेसियों ने राहुल गाँधी के सपनो का भारत बनाने का संकल्प लिया।

पदयात्रा जिला स्कूल स्थित शहीद स्मारक से पदयात्रा निकली जो कोकर स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा समाधि स्थल तक गयी। पदयात्रा के बाद समाधि स्थल के बाहर सभा भी आयोजित की गयी। जिसमे नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ने की जो पहल की है उससे देश मजबूत हुआ है।

भारत जोड़ो यात्रा के बाद एनडीए के नेता भी अब भारत-भारत करने लगे हैँ – राजेश ठाकुरः

झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का एनडीए के नेताओं पर इस कदर हुआ है कि वह अब भारत-भारत करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोग इंडिया शाइनिंग की बात कहते थे, वह अब भारत भारत करने लगे हैं। राजेश ठाकुर ने कहा कि अब भाजपा बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर के संविधान को नहीं मानने की बात करती है, जिसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

राहुल गांधी ने देश को दिया मोहब्बत का पैगामः अविनाश

इस पदयात्रा में शामिल हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा कर एक तपस्या की है। उन्होंने भारत में भाईचारा मजबूत करने का संदेश दिया है। यह संदेश समाज के हर वर्ग में पहुँचें इसका संकल्प हर कांग्रेसी ने लिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के प्रेम और भाईचारे ने देश की राजनीति को एक नई राह दिखाई है। आज पूरा देश राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।