Jamshedpur : जमशेदपुर में केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन शुरू किया है। सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार महापुरुषों के नाम पर चल रही योजनाओं के नाम बदल रही है। मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना गलत है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने मांग की है कि योजना का नाम पहले की तरह ही रखा जाए।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने ग्रामीण लोगों को रोजगार देने के उद्देश्य से मनरेगा कानून बनाया था, जिसमें 100 दिनों के रोजगार का प्रावधान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नियमों में बदलाव कर अपने सहयोगियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रही है, जिससे ग्रामीणों को नुकसान होगा। प्रदर्शन से पहले कांग्रेसी आमबगान मैदान में एकत्र हुए और जुलूस निकालते हुए साकची स्थित डीसी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए – “महापुरुषों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”
Also Read : हनी सिंह का नया गाना ‘आदत’ हुआ रिलीज, वाणी कपूर ने किया धमाकेदार डांस


