Ranchi : रांची के कांग्रेस भवन में आज प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में बोर्ड, निगम अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यों और मोर्चा संगठनों के प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य ज्यां द्रेज भी मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव और मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मनरेगा योजना को खत्म किए जाने के विरोध में कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। इसके तहत 3 जनवरी 2026 को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में संवाददाता सम्मेलन और 5 जनवरी को रांची में बापू वाटिका, मोरहाबादी से लोकभवन तक पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इस पदयात्रा के अंत में एक सभा भी होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं है, बल्कि भारत के संविधान से मिला काम का अधिकार है। कांग्रेस हर कीमत पर इस योजना की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि नई वित्तीय व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार खर्च में कटौती कर रही है, जिससे राज्य सरकारों पर दबाव बढ़ेगा और विकास कार्य प्रभावित होंगे।
राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य ज्यां द्रेज ने कहा कि मोदी सरकार संघीय ढांचे पर हमला कर रही है और मनरेगा खत्म करने का उद्देश्य गरीबों के रोजगार को खत्म करना है। उन्होंने बताया कि यह फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय से लिया गया है, न कि कैबिनेट या संबंधित मंत्रियों से चर्चा कर।
बैठक में सहजादा अनवर, रवीन्द्र सिंह, संजय लाल पासवान, राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम, राकेश सिन्हा, जयशंकर पाठक, कुमार गौरव, गजेन्द्र सिंह, सोमनाथ मुंडा, राकेश किरण महतो, उज्जल तिवारी, राजन वर्मा, बिनय ओरांव, राज, नीतू सिंह, सुमित शर्मा और हृदयानंद यादव सहित कई अन्य नेता शामिल रहे।


