Giridih : जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिजन टोला में होली का त्योहार ख़ुशी के बाद निराशा में बदल गई। दरअसल मामला हरिजन टोला में होली खेलने के दौरान पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इस घटना में एक गर्भवती महिला समेत छह लोग घायल हुए, जिन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाके में झड़प के बाद आक्रोश का माहौल बन गया।
सड़क पर होली खेलते ग्रामीण
जानकारी के अनुसार मोहल्ले के लोग सड़क पर एक साथ होली खेल रहे थे। इसी दौरान नगर थाना की पुलिस वहां पहुंची और लोगों को सड़क पर होली खेलने से मना करते हुए अपने-अपने घरों के पास त्योहार मनाने की हिदायत दी। पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
ग्रामीणों का आरोप : पुलिस ने किया लाठीचार्ज
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक गालियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान एक गर्भवती महिला समेत छह लोग घायल हुए। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मी मोहल्ले में घुसकर लोगों को धमकाने लगे और सड़क पर होली खेलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
विरोध प्रदर्शन और आवेदन
झड़प के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीण नगर थाना पहुंचे और पुलिस का घेराव किया। ग्रामीणों ने गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार को एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस का पक्ष : आरोप बेबुनियाद
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने ग्रामीणों के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि होली खेलते समय एक बाइक चालक तेज आवाज और रफ्तार के साथ बाइक चला रहा था। बाइक पकड़ने के दौरान कुछ लोग थाने पहुंचे और इसी बीच स्थिति बिगड़ गई। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी प्रकार की मारपीट या लाठीचार्ज नहीं किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि होली बाहर खेलने पर कोई रोक नहीं लगाई गई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जा रही है।
Also Read : भाजपा नेता रामेश्वर सिंह की मौ’त पर फूटा लोगों का गुस्सा, जलडेगा बंद का ऐलान


