Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में जनगणना 2027 के तहत स्व गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर समस्त राज्यवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और सक्रिय रूप से भागीदारी करें।
मुख्यमंत्री को जनगणना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण की विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 1 मई से 15 मई तक स्व गणना का कार्य चलेगा, जिसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक मकानों के सूचीकरण और गणना का कार्य पूरे राज्य में किया जाएगा। इस अभियान के दौरान प्रगणक और संबंधित कर्मी घर-घर जाकर डेटा संग्रह करेंगे, जिसकी प्रशासनिक तैयारियां सभी जिलों में शुरू कर दी गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने का काम नहीं है, बल्कि यह आम जनता के भविष्य को सही दिशा देने का एक मजबूत आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सटीक आंकड़ों की मदद से ही राज्य सरकार की योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से पात्र व्यक्तियों और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि इस कार्य में क्षेत्रीय भाषाओं के जानकार पदाधिकारियों और कर्मियों को भी शामिल किया जाए ताकि सूचनाओं का आदान प्रदान सटीक हो सके। उन्होंने जनगणना 2027 की तकनीकी पहल की सराहना की और राज्यवासियों से इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक प्रभात कुमार, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Also Read : जनगणना विकास की आधारशिला, आदित्य साहू ने ओरमांझी में स्वयं भरी अपनी जानकारी

