Ranchi: आगामी जनगणना 2027 को लेकर रांची नगर निगम (RMC) ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को निगम कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, संयुक्त निदेशक और रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों ने जनगणना प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
दो चरणों में होगी जनगणना
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। पहले चरण में मकानों का सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) किया जाएगा, जिसके तहत घरों से संबंधित बुनियादी जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। इसके बाद दूसरे चरण में जनसंख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
एक से 15 मई तक स्वगणना की सुविधा
नगर निगम ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए 1 मई से 15 मई 2026 तक स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवधि के दौरान इच्छुक नागरिक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज कर सकेंगे। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और त्वरित होगी।
सावधान: कोई दस्तावेज या ओटीपी नहीं मांगा जाएगा
प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क करते हुए कहा है कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार का कोई भौतिक दस्तावेज या ओटीपी (OTP) नहीं मांगा जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के फर्जी कॉल, मैसेज या संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहें। यदि कोई जनगणना के नाम पर ओटीपी मांगता है, तो उसे साझा न करें।
ग्रामीण और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के लिए विशेष व्यवस्था
डिजिटल माध्यम के अलावा, निगम ने उन क्षेत्रों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी या नेटवर्क की समस्या है। ऐसे ग्रामीण और नेटवर्क विहीन इलाकों में शिक्षकों की टीम तैनात की जाएगी। ये शिक्षक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे और सही आंकड़े सुनिश्चित करेंगे। नगर निगम ने नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है ताकि डेटा पूरी तरह सटीक रहे।


