Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा के स्थानीय बालाजी ज्वेलर्स में बुधवार शाम को हुई लूट और गोलीकांड के विरोध में गुरुवार को पूरे शहर के व्यवसायी सड़कों पर उतर आए और बाजार बंद रखा। छोटे से बड़े सभी प्रतिष्ठान बंद रहे और व्यवसायियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना रोष जताया।
छोटी चाय की दुकान से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों के मालिक भी बंद के समर्थन में सड़क पर दिखाई दिए। दिन की छुट्टी के बावजूद बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और पूर्व नगर अध्यक्ष सह भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल भी व्यवसायियों का समर्थन करते हुए सड़क पर मौजूद थे। जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में दर्जनों व्यवसायी बंद का समर्थन करते हुए सड़क पर उतरे। जन आंदोलन को देखते हुए शहर के सभी चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मुख्य बाजार में भी पुलिस की विशेष टीम रखी गई।

SP राजकुमार मेहता के निर्देश पर सभी पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर अभियान में लगे हुए हैं। घटना के बाद शहर में भय का माहौल भी देखा गया। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी भी देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह घटना निंदनीय है और बढ़ती आबादी व बेरोजगारी के कारण व्यवसायियों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया जाए और दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए।
Also Read : शौच के लिए गया युवक, अचानक आ गया जंगली हाथियों का झुंड, फिर…


