Khunti : खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र के चेरवादाग मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खबर है कि बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार उनका दोस्त और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कर्रा की तरफ से आ रहा एक ऑटो और कर्रा से जलटंडा साप्ताहिक हाट जा रही बाइक के बीच चेरवादाग मोड़ पर टक्कर हुई। बाइक पर तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार रमेश और उसका साला मुन्ना उरांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायल हुए दोस्त और ऑटो चालक
हादसे में मुन्ना उरांव का दोस्त राजू कच्छप और ऑटो चालक अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और घायलों की हालत पर नजर रखी। बताया जा रहा है कि मुन्ना उरांव रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र के पांडू टोली का रहने वाला था। वह अपने दोस्त राजू कच्छप के साथ अपने जीजा रमेश के घर चिउर छापरा आया हुआ था। तीनों मिलकर जलटंडा साप्ताहिक हाट जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। घायल ऑटो चालक अनिल कर्रा के पेपीर टोली का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
Also Read : JMM का BJP पर हमला, विनोद पांडेय बोले- भाजपा ने की नीतीश कुमार की ‘राजनीतिक ह’त्या’


