Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित ट्यूब कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से करीब 15 लाख रुपये के कीमती गहने बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी विक्की लोहार उर्फ बोंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
घर बंद होने का उठाया फायदा
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि ट्यूब कॉलोनी के क्वार्टर नंबर डीएस-49 निवासी अभय कुमार 7 मार्च को अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए थे। इस दौरान उनका घर बंद था। 19 मार्च को जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो अलमारी से गहने समेत अन्य सामान गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत सिदगोड़ा थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर संदिग्ध विक्की लोहार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए गहनों को बरामद कर लिया गया।
अन्य पहलुओं की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अकेले शामिल था या इसमें किसी और की भी भूमिका है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर छोड़कर बाहर जाने के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम जरूर करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read : टाटा मैजिक ने बाइक को मा’री टक्कर, भाजपा नेता की पत्नी की मौ’त


