Dhanbad : धनबाद के सिंदरी थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया में एक युवक को बुजुर्ग का पक्ष लेना भारी पड़ गया। एक बुजुर्ग के साथ हो रहे विवाद में जब युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो गुस्साए युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ युवकों की एक बुजुर्ग से कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद युवक ने बुजुर्ग का समर्थन करते हुए मामला शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोपियों को उसका हस्तक्षेप पसंद नहीं आया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और फिर आरोपियों ने चाकू निकाल लिया।
ताबड़तोड़ वार कर मौके से फरार हुए आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने युवक पर कई बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे निगरानी में रखा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार इलाज किया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद ईस्ट बसुरिया इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : जमशेदपुर में छत काटकर कोलकाता ज्वेलर्स में सेंधमारी, 4 किलो चांदी और कैश ले उड़े चोर

