Bokaro : बोकारो जिले के बेरमो स्थित बोकारो थर्मल के लोगों के लिए 28 फरवरी का दिन बेहद खास होने वाला है। करीब दो किलोमीटर लंबा विवेकानंद सेतु ओवरब्रिज अब आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस ओवरब्रिज का उद्घाटन डीवीसी के चेयरमैन एस सुरेश कुमार करेंगे। करीब 134 करोड़ रुपये की लागत से बना यह ओवरब्रिज अब जनता को समर्पित किया जाएगा।
दस साल का लंबा इंतजार खत्म
इस ओवरब्रिज का भूमि पूजन 25 फरवरी 2015 को किया गया था। तब से लेकर अब तक लोगों को इसके बनने का इंतजार था। लगभग दस साल बाद यह सपना अब पूरा हो रहा है। निर्माण कार्य बीकेबी और राइट्स कंपनी ने मिलकर किया है। डीवीसी प्रबंधन के अनुसार अब निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और उद्घाटन की सारी तैयारी कर ली गई है।
रेलवे फाटक के जाम से मिलेगी राहत
अब तक बोकारो थर्मल रेलवे फाटक पर लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता था। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र और आम लोग रोज इस परेशानी से जूझते थे। यह 60 फीट चौड़ा ओवरब्रिज कथारा-कोनार नदी की ओर से शुरू होकर बोकारो थर्मल डिग्री कॉलेज मैदान तक जाता है। इसके चालू होने से ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
सामुदायिक केंद्र और 100 फीट का तिरंगा भी
उद्घाटन समारोह के दौरान बोकारो थर्मल में एक नए सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज भी लगाया जाएगा, जो इलाके की पहचान बनेगा। डीवीसी के वरीय महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरीया ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को यह ओवरब्रिज औपचारिक रूप से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। कार्यक्रम में आसपास के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
Also Read : बिहार की पांचवीं राज्यसभा सीट पर सियासी हलचल, AIMIM ने तेजस्वी यादव से मांगा समर्थन

