Patna : पटना में एक किराए के मकान में महिला कांस्टेबल की बॉडी संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। मृतक की शिनाख्त कनक प्रिया के तौर पर की गई है। कनक प्रिया बिहार पुलिस के डायल 112 कंट्रोल रूम में कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं। उनके पति प्रभात कुमार भी पटेल भवन में डायल 112 में कांस्टेबल हैं। घटना परसा बाजार थाना क्षेत्र के यादव चक गांव की है।
फांसी लगाकर की आत्महत्या : पति प्रभात
पुलिस के अनुसार शनिवार को पति-पत्नी के बीच फोन पर किसी से बात करने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कनक प्रिया नाराज होकर अपने कमरे में चली गईं। पति प्रभात का दावा है कि कनक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कनक को फंदे से उतारा और पुलिस को सूचना दी। परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने मीडिया को बताया कि मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने प्रभात पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
पति पर हत्या का आरोप
कनक की बहन मीनाक्षी कुमारी ने मीडिया को बताया कि प्रभात अक्सर कनक के साथ मारपीट करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभात, उसकी बहन और बहनोई ने मिलकर कनक की पिटाई की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए इसे आत्महत्या का रूप दे दिया गया।
2020 में हुई थी शादी
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया है। बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कनक प्रिया मूल रूप से गया की रहने वाली थीं। उनकी भर्ती 2018 में बिहार पुलिस के डायल 112 में कांस्टेबल के रूप में हुई थी। 2020 में उनकी शादी प्रभात कुमार से हुई थी और उनका तीन साल का बेटा प्रणव राज है।
Also Read : बांका में मंदार हिल रेलवे स्टेशन पर लावारिस श’व मिला