Patna : देशभर में शारदीय नवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान बिहार में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। DGP विनय कुमार ने मीडिया को बताया कि पूरे प्रदेश में सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ताकि उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो।
केंद्र और राज्य के जवानों की तैनाती
DGP ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने 11 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा, बिहार पुलिस ने अपने हजारों जवानों को मैदान में उतारा है। साथ ही, करीब 5,000 गृह रक्षा बल (Home Guard) और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के जवानों को भी पटना सहित सभी जिलों में तैनात किया गया है। यह व्यवस्था खास तौर पर मूर्ति विसर्जन और दशहरा जुलूस के दौरान शांति बनाए रखने के लिए की गई है।
निरोधात्मक कार्रवाई और सख्ती
सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए बिहार पुलिस ने निरोधात्मक कदम उठाए हैं। हजारों लोगों से बाउंड (प्रतिबंधात्मक बांड) भरवाया गया है, गुंडा आदेश जारी किए गए हैं, और CCA (Crime Control Act) के तहत जिला बदर की कार्रवाई भी की गई है। इससे संभावित उपद्रवियों पर पहले से ही नकेल कसी जा सकेगी।

DGP की जनता से अपील
DGP विनय कुमार ने बिहारवासियों से अपील की कि वे दुर्गा पूजा और दशहरा को हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से मूर्ति विसर्जन के दौरान भीड़ में अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। DGP ने कहा कि पुलिस हर स्थिति पर नजर रख रही है और लोगों के सहयोग से उत्सव को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाया जा सकता है।
Also Read : एशिया कप 2025 : फाइनल से पहले पाकिस्तानी टीम का ड्रामा, PCB चेयरमैन चुकाएंगे हारिस रऊफ का जुर्माना