Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। इस चरण में 18 जिलों की 101 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार करीब 64.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक के विधानसभा चुनावों में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
कुल 3.75 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खास बात यह रही कि इस बार महिलाओं, युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की सक्रियता ने मतदान प्रतिशत को नई ऊंचाई पर पहुंचाया।
दूसरे चरण की हलचल शुरू, शिवहर बना केंद्र
पहले चरण के सफल मतदान के बाद अब दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजनीतिक दलों ने अपने प्रचार अभियान तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में शिवहर में आज चुनावी सरगर्मी चरम पर है। यहां केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पुरनहिया में जनसभा करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह डोर-टू-डोर प्रचार में जुटेंगे। वहीं, CM नीतीश कुमार समाहरणालय मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम की जानकारी जदयू प्रत्याशी स्वेता गुप्ता के पति डॉ. वरुण कुमार ने दी।

महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने बदले समीकरण
पहले चरण के मतदान में महिलाओं और युवाओं की बढ़ी भागीदारी ने राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया है। खासकर जीविका दीदियों की सक्रियता और युवाओं के उत्साहपूर्ण मतदान ने राजनीतिक दलों के लिए नए संकेत दिए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार का चुनाव महागठबंधन और एनडीए दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण और निर्णायक साबित हो सकता है।
चुनाव आयोग ने रखी सख्त निगरानी
पहले चरण में चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पटना स्थित कंट्रोल रूम से राज्यभर के बूथों की लाइव मॉनिटरिंग की। करीब 45,000 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई। किसी भी गड़बड़ी या शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई। साथ ही, जिला और राज्य स्तरीय अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे।
शिवहर में आज होगा महाजुटान
शिवहर में आज का दिन राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। यहाँ नेताओं की सभाओं के साथ-साथ मतदाताओं को जागरूक करने और जनसमर्थन जुटाने पर जोर रहेगा। राजनीतिक दलों की रणनीतियाँ और आज के कार्यक्रमों का प्रभाव आगामी चरणों के मतदान पर सीधा असर डाल सकता है।
Also Read : वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे, PM मोदी करेंगे वर्षभर चलने वाले स्मरणोत्सव का शुभारंभ

