Chaibasa : केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार लेबर कोड के विरोध में गुरुवार को चाईबासा जिले में भारत बंद का आह्वान किया गया। बैंकिंग और मजदूर संगठनों के आह्वान पर चाईबासा, जगन्नाथपुर, झींकपानी, नोवामुंडी, बड़ाजामदा समेत कई क्षेत्रों में बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए।
चाईबासा शहर : दुकानें बंद, बैंकिंग काम प्रभावित
चाईबासा शहर में सुबह से ही बंद का असर दिखाई दिया। कई दुकानों के शटर गिरे रहे और बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। प्रमुख चौक-चौराहों पर बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया था, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जगन्नाथपुर : मिला-जुला असर, हाट भी खुला
जगन्नाथपुर अनुमंडल मुख्यालय में बंद का असर आंशिक रहा। गुरुवार को साप्ताहिक हाट होने के कारण ग्रामीण अपने उत्पाद बेचने और खरीदने आए। सुबह मुख्य चौक पर बंद समर्थकों ने टायर जलाकर बंद का संकेत दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत इसे बुझा दिया। धीरे-धीरे दुकानें खुल गईं और दोपहिया-चारपहिया वाहनों का आवागमन सामान्य हो गया, लेकिन भारी वाहन और यात्री बसों का परिचालन ठप रहा।
कुमारडुंगी और जैंतगढ़ : आंशिक प्रभाव
कुमारडुंगी मुख्य चौक पर बंद समर्थकों ने बाजार बंद कराने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया। जैंतगढ़ में भी बंद का आंशिक असर देखा गया।
चंपूआ क्षेत्र : व्यापक असर
चंपूआ में बंद का असर काफी व्यापक रहा। ट्रक और बसें रुक गईं, बैंक भी बंद रहे। जिलेभर में लेन-देन प्रभावित होने की खबरें सामने आईं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे जिले में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात रहे। हालांकि, कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
Also Read : होली स्पेशल ट्रेन का तोहफा, धनबाद समेत कई स्टेशनों को सीधा फायदा

