Patna : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाया हुआ है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की अगुवाई वाली NDA सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बिहार में बेरोजगारी, गरीबी और पलायन के मुद्दों पर 12 सवाल पूछे हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार की प्रति व्यक्ति आय युगांडा और रवांडा जैसे गरीब देशों से भी कम है।
तेजस्वी का सोशल मीडिया पर हमला
तेजस्वी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि 20 साल से बिहार और 11 साल से केंद्र में NDA की सरकार होने के बावजूद बिहार बेरोजगारी, पलायन और गरीबी का केंद्र बन गया है। नीति आयोग की रिपोर्ट के हवाले से उन्होंने कहा कि बिहार की प्रति व्यक्ति आय बहुत कम है। उन्होंने बिहार के 8 करोड़ युवाओं की ओर से नीतीश सरकार से 12 सवाल पूछे :
𝟐𝟎 वर्षों से बिहार और 𝟏𝟏 वर्षों से केंद्र में नीतीश-मोदी की सरकार रहने के बावजूद 𝐍𝐃𝐀 सरकार ने बिहार को बेरोजगारी,पलायन और गरीबी का मुख्य केंद्र बना दिया है। यह मैं नहीं साल दर साल भारत सरकार की नीति आयोग की रिपोर्ट कह रही है।
टेक्नोलॉजी, उदारीकरण और 𝐀𝐈 के दौर के…
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) September 8, 2025
- बिहार में मखाना, चावल, गन्ना, लीची, आम जैसे उत्पादों के बावजूद खाद्य प्रसंस्करण उद्योग क्यों नहीं लगे?
- बिहार बेरोजगारी का केंद्र क्यों है? आईटी कंपनियां और आईटी पार्क क्यों नहीं बने?
- मछली उत्पादन के संसाधन होने के बावजूद मछली बाजार और मछुआरों की आय क्यों नहीं बढ़ी?
- डेयरी उद्योग जैसे दूध, घी, पनीर के बड़े कारखाने क्यों नहीं शुरू हुए?
- उद्योग-विशिष्ट क्लस्टर क्यों नहीं बनाए गए?
- बुनकर, लघु और हथकरघा उद्योगों को बढ़ावा क्यों नहीं दिया गया?
- बिहार को पर्यटन केंद्र क्यों नहीं बनाया गया?
- भर्ती और नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी और नियमित क्यों नहीं है?
- 20 साल में बिहार से कितना पलायन हुआ और यह क्यों बढ़ रहा है?
- कितने चीनी मिल, जूट मिल, पेपर मिल और उद्योग बंद हुए, इससे कितना नुकसान हुआ?
- शिक्षा और चिकित्सा के लिए बिहार का कितना पैसा दूसरे राज्यों में गया?
- बिहार के मानव संसाधन का कितना प्रतिशत बिहार में और कितना बाहर काम करता है?
युवाओं को जवाब दे सरकार: तेजस्वी
तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जवाब नहीं मिला, तो बिहार के युवा इस चुनाव में करारा जवाब देंगे।
चुनावी माहौल में बढ़ी हलचल
तेजस्वी के इन सवालों ने बिहार के सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है। राजद और एनडीए के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही इन मुद्दों पर चर्चा और तेज होने की उम्मीद है।