Joharlive Desk
नई दिल्लीी : बिहार पुलिस मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए सरगर्मी से तलाशती रह गई और उधर वे दिल्ली के साकेत कोर्ट पहुंचे और वहीं आत्मसमर्पण कर दिया। बिहार के कोर्ट में अनंत सिंह के सरेंडर की अफवाह गुरुवार को ही सामने आयी थी, जिसके बाद अनंत सिंह ने बिहार के किसी कोर्ट को छोड़कर दिल्ली के साकेत कोर्ट को चुना और शुक्रवार की दोपहर बाद अचानक कोर्ट पहुंचे और सरेंडर कर दिया। अब उसके बाद प्रक्रिया के तहत उन्हें न्यायिक हिरासत में लिया जाएगा। अनंत सिंह को न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली से हवाई जहाज से पटना लाया जाएगा। विधायक को लाने के लिए बिहार से पुलिस की टीम भेजी गयी है। टीम में डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एएसआई सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
उधर साकेत कोर्ट ने निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को मेडिकल के लिए सफदरगंज अस्पताल भेजा। फिर वहां से सीएमएम के आदेश के बाद कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को अनंत सिंह को बिहार कोर्ट में सकुशल लेकर जाने का आदेश दिया है। इसके तहत बुधवार को दिल्ली पुलिस अपनी सुरक्षा में बाढ़ कोर्ट में अनंत सिंह को पेश करेगी। वहीं, पटना पुलिस भी दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। आज रात नौ बजे तक बिहार पुलिस दिल्ली पहुंचेगी।
गौरतलब है कि अनंत सिंह 17 अगस्त से ही फरार चल रहे थे। विधायक के पैतृक गांव नदवां में 147 और 2 हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद बाढ़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस लगातार उन्हें तलाश रही थी, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। अनंत सिंह ने फरारी के दौरान ही तीन वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा था कि वो सरेंडर करेंगे। कहा था कि उन्हें बिहार पुलिस पर भरोसा नहीं है। वीडियो में अनंत सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाया था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाने का काम कर रही है। उन्होंने पुलिस के अलावा कुछ राजनेताओं पर भी साजिश कर फंसाने का आरोप लगाया था।
बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां स्थित घर से छापेमारी में एके-47 के साथ 2 हैंड ग्रेनेड को भी बरामद किया गया था। अवैध हथियार की बरामदगी के बाद विधायक और केयर टेकर के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद पुलिस देर रात विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने बड़ी संख्या में उनके पटना स्थित सरकारी आवास पहुंची थी। हालांकि, तब तक विधायक पटना स्थित 1 माल रोड स्थित सरकारी आवास छोड़ फरार हो चुके थे।
बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में किया सरेंडर, जाने पूरी रिपोर्ट
Follow on Facebook
Follow on X (Twitter)
Follow on Instagram
Follow on YouTube
Follow on WhatsApp
Follow on Telegram
AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
728x90
Learn More

